दिल्ली में आज प्रधानमंत्री आवास के पास इजरायली दूतावास की कार में धमाका होने से हड़कंप मच गया। इस हमले में इजरायल की एक महिला राजनयिक समेत चार लोग जख्मी हुए हैं। इजरायल ने इसे आतंकी हमला करार दिया है और हमले कि लिए ईरान और हिजबुल्लाह को जिम्मेदार ठहराया है। इजरायल का दावा है कि जॉर्जिया में भी उसके एक राजनयिक पर हमला करने की कोशिश की गई है। इस घटना के बाद इजरायल ने पूरी दुनिया में अपने राजनयिकों को सतर्क दिया है। हालांकि भारत सरकार और गृहमंत्रालय ने इस मामले ने अभी आतंकी हमला नहीं करार दिया है। लेकिन ये माना कि धमाके में किसी डिवाइस का इस्तेमाल हुआ। भारत में पहली बार स्टिक बम का इस्तेमाल हुआ है। दिल्ली में इजरायली दूतावास की गाड़ी में धमाका हुआ, उसमें स्टिक बम का इस्तेमाल होने की आशंका है। अब से कुछ देर पहले दिल्ली के पुलिस कमिश्नर ने भी कहा है कि जो भी चीज गाडी में लगायी गई वो पीछे की साइड लगाई गई थी। उसके बाद ही गाड़ी में धमाका हुआ और उसमें आग लग गई।
देश की राजधानी दिल्ली एक बार फिर बम धमाके से दहली। इस बार इजरायली दूतावास की एक कार को निशाना बनाया गया। धमाके के बाद कार में जबरदस्त आग लग गई। धू-धू कर जलती कार में इजरायली दूतावास के कर्मचारी की पत्नी सवार थी। आग के चलते शुरू में लगा कि गाड़ी की सीएनजी किट में आग लगने के चलते ये हादसा हुआ। लेकिन कुछ ही देर में ये साफ हो गया कि गाड़ी में सीएनजी किट थी ही नहीं। ये धमाका था। देश की राजधानी दिल्ली में अपनी तरह का पहला धमाका।
इजरायली दूतावास की गाड़ी के ड्राइवर का नाम मनोज है, जो दिल्ली बसंत गांव का रहने वाला है और उसे धमाके बाद जख्मी हालात में राममनोहर लोहिया अस्पताल में भर्ती कराया गया है। कार में जो महिला डिप्लोमेट थीं उन्हें चाणक्यापुरी के PRINOS अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। महिला का नाम टेल्स एसबीओ है, जिनकी उम्र करीब 30 साल है। महिला के पेट और पेट में चोट लगी है।
दिल्ली पुलिस कमिश्नर बीके गुप्ता ने बताया कि मोटरसाइकिल पर सवार एक व्यक्ति ने मैग्नेटिक चीज कार से चिपकाई। कार के रियर हिस्से पर लगाया गया था इसलिए वहां आग लग गई। इस पूरे हादसे में तीन लोग घायल हुए हैं। गाड़ी का ड्राइवर मनोज शर्मा (42), बगल से गुजर रही इंडिका में सवार अरुण शर्मा और मंजीत सिंह इस हादसे में घायल हुए हैं। इजरायली एंबेसी में काम करने वाली महिला को मामली चोट आई है और उनकी स्थिति खतरे से बाहर है। दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल को इसकी जांच सौंपी गई है।
सूत्रों की मानें तो धमाके का शिकार हुई कार इजरायली दूतावास से बाहर निकली और औरंगजेब रोड पर पहुंचकर ये कार रेड लाइट पर रुक गई। इस वक्त करीब दोपहर के 3 बजकर 20 मिनट हुआ था। गाड़ी रेड लाइट पर खड़ी ही थी कि बाइक पर सवार दो लोग उसके करीब पहुंचे। सूत्रों की मानें तो बाइक पर बैठे एक शख्स ने कार के पिछले हिस्से के शीशे पर कुछ चिपकाया। इसके कुछ ही पल बाद कार में धमाका हो गया।
गाड़ी की हालत देखकर अंदाजा लगाया जा सकता है कि धमाका कितना जबरदस्त था। उसके शीशे पूरी तरह चकनाचूर हो गए। इस वक्त कार में उसका ड्राइवर और इजरायली दूतावास में काम कर रहे एक अफसर की पत्नी मौजूद थे। दोनों ही धमाके में जख्मी हो गए। धमाके ने आसपास खड़ी एक इंडिका कार और मारुति वैन को भी नुकसान पहुंचाया। इन गाड़ियों में बैठे लोगों के भी जख्मी होने की खबर है।
धमाके ने तुरंत ही दिल्ली समेत पूरे देश में हड़कंप मचा दिया। गाड़ियों में सवाल होकर बम निरोधक दस्ता भी मौके पर पहुंच गया। कुछ ही देर में फोरेंसिक एक्सपर्ट ने भी मौके को घेर लिया। उन्होंने मौके से सुराग जुटाने शुरू कर दिए। शुरुआती जांच के बाद ही ये साफ हो गया कि धमाके के पीछे कोई बड़ी साजिश है। क्योंकि जिस इनोवा कार में धमाका हुआ उसका फ्यूल टैंक पूरी तरह सुरक्षित था, यानी मुमकिन है इतनी भयानक आग सिर्फ विस्फोटक से ही लगी हो।
इजरायली कार पर हुआ हमला कितना गंभीर है। इसका अंदाजा इस बात से भी लगा सकते हैं कि धमाके की जगह से प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह का निवास सिर्फ 500 मीटर दूर है। जहां धमाका हुआ उसके ठीक सामने एयरफोर्स का दफ्तर भी है। इसलिए इस धमाके ने इजरायल समेत पूरी दुनिया का ध्यान खींच लिया। धमाके के तुरंत बाद ही इजरायल ने एक और चौंकाने वाला खुलासा किया। दरअसल लगभग इसी वक्त जॉर्जिया की राजधानी ट्बिलिसी में भी इजरायली दूतावास पर आतंकी हमला नाकाम किया गया। यानी इजरायल के दूतावासों को निशाना बनाने के लिए पूरी साजिश रची गई।
दिल्ली में हुए हमले के बाद इजरायल ने बयान दिया है कि दिल्ली में बम से धमाका किया गया है लेकिन जॉर्जिया में हमला नाकाम कर दिया गया। दोनों ही हमले ऐसे लोगों पर किए गए जो इजरायली दूतावास से जुड़े थे। जॉर्जिया की राजधानी बिलिसी में भी एक कर्मचारी की कार में बम मिला लेकिन उसे समय रहते नाकाम कर दिया गया।
इजरायल ने दिल्ली में हुए हमले के लिए आतंकी संगठन हिजबुल्ला को जिम्मेदार ठहराया है। दरअसल हिजबुल्ला ने अपने नेता इमाद मौग्नी के मारे जाने की तीसरी बरसी पर इजरायल से बदला लेने की धमकी दी थी। साल 2008 में इमाद मौग्नी की मौत कार धमाके में हो गई थी। हिजबुल्ला इसके लिए इजरायल को ही जिम्मेदार मानता है।
बहरहाल दिल्ली में हुए धमाके बाद भारतीय सुरक्षा एजेंसियां हरकत में आ गई हैं। देश में सभी दूतावासों पर अलर्ट जारी कर दिया गया है। फिलहाल तलाश उन दो लोगों की हो रही है जो बाइक पर सवार थे। हालांकि पुलिस के सामने मुश्किल ये है कि जिस बेहद वीआईपी इलाके में ये धमाका हुआ, उसका कोई सीसीटीवी फुटेज नहीं है।

No comments:
Post a Comment